Saturday, November 15, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

दून में रजत जयंती समारोह की तैयारियां तेज़, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर प्रशासन अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर होने वाले भव्य समारोह के लिए दून में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रजत जयंती के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति की संभावना के चलते प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों के लिए नोडल अधिकारी नामित करते हुए जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दीं और कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सौंदर्यीकरण और सुरक्षा पर विशेष जोर
डीएम बंसल ने लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, नगर निगम, विद्युत और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट पर सड़क मार्ग का सौंदर्यीकरण, सफाई, झूलती विद्युत लाइनों को सुधारने और गिरासू पेड़ों की लॉपिंग जैसे कार्य समय पर पूरे किए जाएं। पेयजल निगम को कार्यक्रम स्थलों पर पानी की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सैन्यधाम लोकार्पण व प्रवासी सम्मेलन प्रमुख आकर्षण
राज्य स्थापना दिवस पर प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन और सैन्यधाम का लोकार्पण मुख्य कार्यक्रमों में शामिल है। उत्तराखंड के गौरवशाली सैन्य इतिहास को समर्पित यह धाम राज्यवासियों की भावनाओं का प्रतीक माना जा रहा है।
रोजाना अलग थीम के कार्यक्रम
रजत जयंती सप्ताह के दौरान जिले में प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नारी शक्ति दिवस, सुशासन दिवस, युवाओं के लिए खेल आयोजन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन, राज्य के बलिदानियों को नमन और ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित गतिविधियां शामिल रहेंगी। नारी शक्ति दिवस पर स्वयं सहायता समूह और एनआरएलएम समूहों द्वारा उनके उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
बैठक में सीडीओ अभिनव शाह, प्रभागीय वनाधिकारी नीरज शर्मा, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां तय समय में पूरी कर राज्य स्थापना दिवस को यादगार बनाया जाएगा।

Popular Articles