Top 5 This Week

Related Posts

दुबई से चल रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत सात गिरफ्तार; 12 हजार सिम कार्ड का हुआ इस्तेमाल

मुंबई। महाराष्ट्र की पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने दुबई से संचालित हो रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कथित सरगना समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह ने देशभर में साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए करीब 10 से 12 हजार मोबाइल सिम कार्ड जुटाए थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का कथित मास्टरमाइंड सुमंत उर्फ नानू रविंद्र दसारे पुणे का रहने वाला है। वह दुबई में रहकर एक चीनी नागरिक के संपर्क में इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। इंटरपोल की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

ग्राहकों के नाम पर जारी कराए जाते थे सिम कार्ड

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मोबाइल सिम कार्ड हासिल करने के लिए ग्राहकों को निशाना बनाते थे। आरोप है कि सिम कार्ड बिक्री से जुड़े कुछ लोग ग्राहकों के दस्तावेजों पर सिम जारी कराते थे, लेकिन ओटीपी या सर्वर की समस्या बताकर उन्हें सक्रिय सिम देने से बचते थे। इसके बाद ये सिम अपने साथियों को सौंप दिए जाते थे।

पुलिस के अनुसार, इन सिम कार्ड का इस्तेमाल फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन रजिस्टर करने, नकली ई-मेल आईडी बनाने और बैंक खातों से मोबाइल नंबर जोड़कर धोखाधड़ी करने में किया जाता था। इस तरह साइबर अपराधियों की वास्तविक पहचान छिपी रहती थी।

मुंबई से भी गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस ने इस मामले में तुषार चौधरी, आदर्श वाघमारे, मनीष वाधवा, महेश चोथरमानी, सूरज चिकवा और राजा कुमार को भी गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि सिम कार्ड की खरीद, आपूर्ति और विदेश तक पहुंचाने में इनकी कथित भूमिका थी।

फिलहाल पुलिस जब्त सिम कार्ड से जुड़े रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि इन सिम कार्ड का इस्तेमाल देशभर में कितनी साइबर ठगी की घटनाओं में हुआ। साथ ही दुबई और अन्य देशों में सक्रिय नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश भी जारी है।

Popular Articles