Top 5 This Week

Related Posts

दहेज की मांग ने तोड़ी गृहस्थी की डोर, दो विवाहिता पहुंचीं थाने मारपीट, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी के आरोप; पति समेत पांच पर मुकदमा

हल्द्वानी। शादी के बाद दहेज की मांग और कथित घरेलू हिंसा ने दो परिवारों की महिलाओं को पुलिस की चौखट तक पहुंचा दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सामने आए दो मामलों में विवाहिता महिलाओं ने ससुराल पक्ष पर मारपीट, प्रताड़ना, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है। विवाहिता ने नैनीताल निवासी पति मनोज कुमार पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक उसकी शादी 30 नवंबर 2020 को हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने 10 तोले से अधिक सोना, 10 तोले से अधिक चांदी के आभूषण, घरेलू सामान और तीन लाख रुपये नकद दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद पति की दहेज की मांग जारी रही।

महिला का आरोप है कि पति नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता और घर से निकाल देता था। मायके से रुपये लाने का दबाव भी बनाया जाता था। वर्ष 2022 में बेटे के जन्म के दौरान इलाज और अस्पताल का खर्च भी उसके माता-पिता ने उठाया। महिला ने आरोप लगाया कि बाद में उसके जेवर और मायके से मिली रकम से दिल्ली में करीब तीन कमरों का फ्लैट खरीदा गया। गृह प्रवेश के दौरान भी उसके साथ कथित मारपीट और अभद्रता की गई।

महिला के मुताबिक एक जून 2026 को पति ने उसके और बच्चे के कपड़े व सामान बाहर निकाल दिए। विरोध करने पर कथित तौर पर मारपीट करते हुए गला दबाने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद वह बच्चे के साथ मायके हल्द्वानी आ गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरा मामला बनभूलपुरा थाना क्षेत्र का है। आजाद नगर निवासी विवाहिता ने बरेली निवासी पति योगेंद्र सिंह समेत चार ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक उसकी शादी छह दिसंबर 2020 को हुई थी। आरोप है कि शादी में दहेज और सोने-चांदी के सामान दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से उसे प्रताड़ित किया गया।

महिला ने पति पर मारपीट करने, घर से निकालने की कोशिश करने और कई बार जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक वह पिछले करीब छह माह से अपनी मां के साथ रह रही है। उसकी चार साल की बेटी है और आय का कोई साधन नहीं होने से परिवार आर्थिक परेशानी से गुजर रहा है।

महिला ने बताया कि पहले भी पुलिस से शिकायत की गई थी, जिसके बाद महिला हेल्पलाइन में काउंसलिंग हुई, लेकिन मामला नहीं सुलझा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण न्यायालय में कार्रवाई नहीं कर पाने की बात कहते हुए उसने पुलिस से मदद मांगी।

इस मामले में पुलिस ने पति योगेंद्र सिंह, ससुर डोरीलाल, सास गुड्डो रानी और जेठ सुरेंद्र सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों मामलों में पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles