हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में आयोजित गरिमामय ‘पीपिंग सेरेमनी’ के दौरान थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने उनके कंधों पर पारंपरिक रूप से सितारे एवं अलंकरण सजाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिस अधिकारी के उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी ईमानदारी, कार्यकुशलता और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए नैनीताल पुलिस की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
निरीक्षक सुशील चन्द्र जोशी मूल रूप से ऊधम सिंह नगर जनपद के शांतिपुरी निवासी हैं। उन्होंने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में सेवा शुरू की और पहली नियुक्ति हरिद्वार में मिली। वर्ष 2008 में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर उपनिरीक्षक बने तथा पीटीसी मुरादाबाद से प्रशिक्षण के बाद उत्तरकाशी में पहली तैनाती मिली।
वर्ष 2010 में उनका स्थानांतरण नैनीताल जनपद हुआ, जहां उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव सहित विभिन्न चौकियों में प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2020 में पिथौरागढ़ में थानाध्यक्ष बेरीनाग एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली के महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के बाद दोबारा नैनीताल जनपद में तैनात हुए। यहां उन्होंने विभिन्न चौकियों के साथ वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनभूलपुरा के रूप में कार्य किया और वर्तमान में थानाध्यक्ष मुखानी के पद पर रहते हुए निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए हैं।
समारोह में एसपी मनोज कुमार कत्याल, एसएसपी के वाचक रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विजय मेहता सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।





