बेलबाबा के पास देर रात हादसा, साथी की हालत गंभीर; कार चालक हिरासत में
हल्द्वानी। शहर की सड़कों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात टीपी नगर चौकी क्षेत्र के बेलबाबा के समीप तेज रफ्तार कार ने रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहे स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने दोनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां 22 वर्षीय अर्सलान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल उसके साथी की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय अर्सलान पुत्र वाजिद, निवासी उजाला नगर के रूप में हुई है। वहीं घायल 21 वर्षीय हसनैन को गंभीर हालत के चलते नैनीताल रोड स्थित निजी अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक काम निपटाकर रुद्रपुर से हल्द्वानी लौट रहे थे। इसी दौरान बेलबाबा के पास हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रही कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार संख्या यूपी-16-ईटी-4772 को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल विजय मेहता के अनुसार तहरीर मिलने के बाद कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
रफ्तार पर लगाम के दावे, सड़क पर फिर गई जान
शहर में हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। यातायात व्यवस्था दुरुस्त होने के दावों के बीच तेज रफ्तार वाहन एक बार फिर दो युवकों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। सवाल यह है कि आखिर बेलगाम रफ्तार पर लगाम कब लगेगी और कब सड़कें बेगुनाहों के लिए सुरक्षित होंगी?
एक घर में मातम, दूसरे में जिंदगी की जंग
अर्सलान की मौत की खबर मिलते ही उजाला नगर में मातम पसर गया। जिस युवक के घर से रोजमर्रा की जिंदगी की उम्मीदें जुड़ी थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। दूसरी ओर हादसे में घायल हसनैन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे ने एक परिवार से उसका अपना छीन लिया, जबकि दूसरे परिवार की सांसें अस्पताल में अटकी हैं।





