तमिलनाडु के ग्रामीण विकास मंत्री आई. पेरियासामी और विधायक आईपी. सेंथिल कुमार के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की है। ईडी की टीम ने उनके परिवार के चेन्नई और डिंडीगुल स्थित परिसरों पर तलाशी ली। पेरियासामी के गोविंदपुरम, दुरईराज नगर और डिंडीगुल स्थित आवास पर सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ जवान तैनात किए गए थे। इसके बाद उनकी बेटी इंदिरानी और बेटे पलानी सेंथिल के डिंडीगुल स्थित आवासों पर भी कार्रवाई की गई।
इससे पहले अप्रैल में मद्रास हाईकोर्ट ने डिंडीगुल जिले की विशेष अदालत को 2.1 करोड़ रुपये से अधिक आय के मामले में पेरियासामी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था। मामला 2006 से 2010 के बीच मंत्री रहते हुए पेरियासामी और उनके परिवार द्वारा अर्जित संपत्ति के स्रोतों से अधिक होने का था।
विशेष अदालत ने पहले सभी चारों को मामले से बरी कर दिया था। डीवीएसी ने 2018 में इसके खिलाफ आपराधिक पुनरीक्षण याचिका दायर की थी। पेरियासामी वर्तमान में डीएमके सरकार में ग्रामीण विकास, पंचायत और पंचायत संघ विभागों का प्रभार संभाल रहे हैं।





