हल्द्वानी। ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगों ने एक युवक को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज कराने के बाद अब काठगोदाम कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में धीरज सिंह माजिला पुत्र चंचल सिंह, निवासी पोलीशीट,, ने बताया कि 29 जून को उसके टेलीग्राम पर एक लिंक आया। लिंक खोलते ही उसका व्हाट्सएप खुल गया, जहां उसे स्टॉक मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। भरोसा होने पर उसने सबसे पहले 10 हजार रुपये निवेश कर दिए।
पीड़ित के अनुसार कुछ घंटों बाद उसे बताया गया कि उसके निवेश पर अच्छा लाभ हो गया है, लेकिन राशि निकालने के लिए पहले करेंसी एक्सचेंज चार्ज, फिर टैक्स विदड्रॉल चार्ज और अन्य विभिन्न शुल्क जमा कराने होंगे। झांसे में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में 1,76,235.97 रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में जमा करा दिए।
जब आरोपियों ने एक और अंतिम शुल्क जमा करने की मांग की तो उसे ठगी का संदेह हुआ और उसने आगे कोई भुगतान नहीं किया। इसके बाद 2 जुलाई को पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई तथा अब 4 अगस्त को काठगोदाम कोतवाली में लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
तहरीर में पीड़ित ने बताया कि ठगों ने उससे अलग अलग नंबरों से संपर्क किया था। उसने पुलिस से इन मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी ठगी गई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगी से जुड़े पहलुओं की जांच के साथ संबंधित मोबाइल नंबरों और लेनदेन का विवरण भी खंगाला जा रहा है।





