किच्छा में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, उत्तराखंड में महंगे दामों पर बेचने की थी तैयारी
हल्द्वानी/किच्छा। उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की खेप पकड़ी है। किच्छा क्षेत्र में एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये बताई गई है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अफीम झारखंड से खरीदकर लाए थे और उसे उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रदेश में नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज की गई है। इसी अभियान के तहत किच्छा में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खलीक अहमद, निवासी आरिफपुर नवादा, बदायूं (उत्तर प्रदेश) और जीतेन्द्र, निवासी शांति बिहार, बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अफीम की खरीद के स्रोत, तस्करी के रास्तों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेप किसके माध्यम से लाई गई और उत्तराखंड में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट की टीम में निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं, किच्छा पुलिस की ओर से निरीक्षक रवि सैनी, उपनिरीक्षक पवन जोशी और आरक्षी दीपक कुमार ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।




