रांची। झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव से रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ की। ईडी ने उन्हें दूसरे समन पर तलब किया था। इससे पहले उन्होंने आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।
जानकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान ईडी अधिकारियों ने कथित शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य दस्तावेजों के संबंध में सवाल किए। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित अवैध धन के लेनदेन या निवेश से जुड़े कोई संबंध रहे हैं या नहीं।
इस मामले में रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव भी जांच के दायरे में हैं। उनसे भी ईडी ने पूछताछ की है और उनसे बैंक खातों, आयकर रिटर्न तथा व्यावसायिक निवेश से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। एजेंसी को संदेह है कि शराब कारोबार से जुड़े कथित अवैध धन के निवेश और लेनदेन का नेटवर्क कई लोगों तक फैला हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड शराब घोटाला मामले में ईडी पहले भी कई स्थानों पर छापेमारी कर चुकी है। जांच एजेंसी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की पड़ताल कर रही है और मामले में जुड़े सभी व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल ईडी की पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





