Top 5 This Week

Related Posts

जैनी प्रकरण में फिर चर्चा में आई 23 साल पुरानी जांच, विधानसभा समिति ने नारी निकेतन जाकर दर्ज किए थे पीड़िता के बयान

देहरादून। उत्तराखंड में जैनी प्रकरण को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। करीब 23 साल पुराने इस मामले में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान गठित विधानसभा की पांच सदस्यीय समिति की जांच और उसकी रिपोर्ट एक बार फिर चर्चा में है। पूर्व कैबिनेट मंत्री विजया बड़थ्वाल ने बताया कि समिति ने नारी निकेतन जाकर पीड़िता जैनी की आपबीती सुनी थी और उसके बयान के आधार पर रिपोर्ट तैयार की थी।

यशपाल आर्य ने गठित की थी समिति

विजया बड़थ्वाल के अनुसार, उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और हरक सिंह रावत कैबिनेट मंत्री थे। तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष यशपाल आर्य ने काशी सिंह ऐरी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की थी। इसमें विधायक के रूप में विजया बड़थ्वाल, आशा नौटियाल और अजय भट्ट शामिल थे।

समिति नारी निकेतन पहुंची थी, जहां जैनी ने अपने साथ हुई घटनाओं की जानकारी सदस्यों को दी थी। विजया बड़थ्वाल ने कहा कि पीड़िता की आपबीती सुनकर समिति के सदस्यों की आंखें नम हो गई थीं। रिपोर्ट में वही बातें दर्ज की गई थीं, जो जैनी ने स्वयं समिति के सामने बताई थीं।

हरक सिंह के आरोपों को बताया निराधार

विजया बड़थ्वाल ने हरक सिंह रावत के उस आरोप को खारिज किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि विजया बड़थ्वाल और आशा नौटियाल ने जैनी को उनके खिलाफ उकसाया था। उन्होंने कहा कि बार-बार उनका नाम इस मामले में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने हरक सिंह रावत से सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने को कहा कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया है, जिससे उनकी छवि खराब हुई है।

राजनीति से ऊपर उठकर न्याय की लड़ाई लड़ने की अपील

विजया बड़थ्वाल ने कहा कि जैनी और अंकिता भंडारी जैसे संवेदनशील मामलों में राजनीतिक दलों को राजनीति करने के बजाय पीड़िताओं को न्याय दिलाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सभी से दलगत भावना से ऊपर उठकर इंसानियत के आधार पर न्याय की लड़ाई लड़ने की अपील की।

Popular Articles