पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में आने वाले एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव की संभावना है। इसका प्रभाव मध्य और उत्तर भारत में दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। यहां बारिश की मात्रा 0.1 मिमी से 15.5 मिमी तक हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण तेज रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिनमें बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
26 और 27 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बादल बरसेंगे और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। छत्तीसगढ़, विदर्भ, और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तूफानी हवाओं की संभावना है, जो 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ आ सकती हैं। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा और बिजली गिरने की संभावना है। 26 फरवरी को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि होने की संभावना है।