रुद्रपुर। पुलिस कार्यालय पर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेसी नेता संजय जुनेजा का कहना था कि देवभूमि उत्तराखंड में इस प्रकार की जघन्य घटनाएं होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक है। जनपद में महिलाओं एवं बच्चियों के साथ छेड़छाड़, उत्पीड़न और अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण व्याप्त है। अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है तथा छात्र-छात्राएं स्कूल एवं आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने के दौरान स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जनपद में पुलिस गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए तथा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने मांग की कि महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक और सुरक्षित बनाने के लिए समय-समय पर महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा संबंधी अभियान चलाए जाएं, ताकि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित हो सके।





