Top 5 This Week

Related Posts

चेन्नई में संपन्न हुआ 70वां श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ, एक करोड़ मंत्रों से हुई मां ललिता की आराधना

चेन्नई। देश की सुख-समृद्धि, विश्व शांति और जरूरतमंदों के कल्याण की कामना के साथ चेन्नई में 70वां श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ भव्य रूप से संपन्न हुआ। थिरुवनमियूर स्थित रामचंद्र कन्वेंशन सभागार में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का मार्गदर्शन वरिष्ठ संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने किया।

महायज्ञ में वाराणसी से पहुंचे विद्वान पुरोहितों और आचार्यों ने विधि-विधान के साथ श्री ललिता सहस्रनाम के मंत्रों का एक करोड़ बार पाठ किया। इस दौरान कुमकुम से मां ललिता का विशेष अर्चन किया गया। धार्मिक आयोजन में हजारों सुहागिन महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राष्ट्र कल्याण की भावना से हुआ आयोजन

स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि उन्होंने मां ललिता से भारत माता के वैभव और देश की निरंतर प्रगति की कामना की है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से ऊपर राष्ट्र का स्थान है और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सभी को कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में सबको साथ लेकर चलने का संदेश निहित है। राष्ट्र कल्याण के कार्यों में युवाओं को वरिष्ठजनों के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उनका प्रयास है कि मां ललिता का यह महायज्ञ देश के प्रत्येक गांव तक पहुंचे।

निर्बल वर्ग के सहयोग का किया आह्वान

स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने समाज के कमजोर और वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सक्षम वर्ग को धर्म और सेवा के मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने संत समाज से केरल और तमिलनाडु में विशेष रूप से सक्रिय होकर सामाजिक एवं धार्मिक कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सतीश रामकृष्णन, अजय रेड्डी, रोहित कुमार सिंह और राजीव मेहता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Popular Articles