गोरखपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि विपक्ष देश के नागरिकों के बजाय घुसपैठियों के सहारे चुनाव लड़ना चाहता है। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को देश के मतदाताओं पर भरोसा नहीं है। वह मृत और दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने के लिए परेशान है।
नितिन नवीन बुधवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
एसआईआर के विरोध पर उठाए सवाल
भाजपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करने पर विपक्ष को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि जब एसआईआर नहीं होता था, तब कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चुनाव क्यों हारते थे? क्या उस समय भी चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया जाता था?
उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों में ढाई करोड़ से अधिक मृत मतदाता, छह करोड़ से अधिक दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके लोग और तीन करोड़ से अधिक ऐसे लोग शामिल हैं, जिनका पता नहीं मिल पाया है।
नवीन ने कहा कि विपक्ष को इन नामों को हटाए जाने पर आपत्ति क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों के मुद्दे पर राजनीति कर रही है और उनके नाम मतदाता सूची में बनाए रखना चाहती है।
कांग्रेस पर संविधान को लेकर साधा निशाना
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संविधान की प्रति लेकर घूमते हैं, लेकिन संविधान को सबसे अधिक नुकसान कांग्रेस ने ही पहुंचाया है। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी के चुनाव को इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा अवैध घोषित किए जाने के बाद देश में आपातकाल लगाया गया था।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को मजबूत करने और अराजकता के प्रयासों का विरोध करने के लिए अभियान चला रही है।
इस जनसभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उन्होंने भी राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाए।





