काठगोदाम पुल से लगाई थी छलांग, 600 मीटर नीचे नदी किनारे मिला शव; परिजनों ने की पहचान
हल्द्वानी। दो दिन से जिस उफनती गौला में 65 वर्षीय राम सिंह कौरंगा की तलाश चल रही थी, उसी नदी ने उनका शव किनारे ला पटका। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से करीब 600 मीटर ऊपर गौला नदी के किनारे शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान राम सिंह के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बिंदुखत्ता के शास्त्रीनगर निवासी राम सिंह कौरंगा ने काठगोदाम स्थित गौला बायपास पुल से नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं। तेज बहाव और नदी के बढ़े जलस्तर के चलते रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने भी चलाया तलाश अभियान
बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना पर प्रशासन की टीम के साथ एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। ग्राम सभा नवाड़खेड़ा के ग्रामीणों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि अर्जुन बिष्ट ने भी रेस्क्यू टीम का सहयोग किया। संयुक्त प्रयासों के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
शव बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया। प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
राम सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। घर में चल रही तलाश बुधवार को शव मिलने के साथ खत्म तो हुई, लेकिन परिवार के सामने गम का पहाड़ छोड़ गई।





