हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र के एक 12 वर्षीय बालक के गोला नदी में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आने से लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बालक के दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बालक की तलाश शुरू कर दी। नदी के तेज बहाव के बीच पुलिसकर्मी लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई सुराग नहीं लग सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बालक अपने दोस्तों के साथ गोला नदी में नहा रहा था, तभी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए।
पहले भी निगल चुकी है कई मासूमों की जान
गोला नदी में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी नदी में नहाने या तेज बहाव के कारण कई बच्चे और युवक अपनी जान गंवा चुके हैं। हर वर्ष बरसात के मौसम में प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोग नदी में उतर जाते हैं, जिससे हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने नदी के संवेदनशील घाटों पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।





