Top 5 This Week

Related Posts

गूगल से निकाला कस्टमर केयर नंबर पड़ा भारी, सैमसंग कर्मचारी बनकर साइबर ठगों ने 16.14 लाख उड़ाए

हल्द्वानी। ऑनलाइन कस्टमर केयर नंबर खोजकर शिकायत दर्ज कराना काठगोदाम निवासी एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। खुद को सैमसंग कंपनी का कर्मचारी बताने वाले साइबर ठग ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और दो बैंक खातों से करीब 16.14 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर काठगोदाम कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में शीशमहल, काठगोदाम निवासी सेवा प्रकाश चौधरी ने बताया कि 20 जून को उनका टीवी खराब हो गया था। शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्होंने गूगल से सैमसंग कंपनी का टोल-फ्री नंबर खोजकर कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को सैमसंग कंपनी का कर्मचारी बताया और व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर उसे खोलने के लिए कहा।

पीड़ित के अनुसार लिंक खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके बैंक और एचडीएफसी बैंक के खातों से कुल 16,14,501 रुपये साइबर ठगों ने निकाल लिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने मोबाइल से अपने कॉल नंबर भी डिलीट कर दिए, जिससे उसका पता नहीं चल सका।
घटना के बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही काठगोदाम कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Popular Articles