Top 5 This Week

Related Posts

गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर निकलेगी 2000 किमी लंबी समरसता संकल्प यात्रा, नितिन नवीन दिखाएंगे हरी झंडी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर से 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे। करीब 2000 किलोमीटर से अधिक लंबी यह यात्रा सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन तीन दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी में होगा।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को बताया कि यह यात्रा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा है। पार्टी ने इन समारोहों की शुरुआत 29 जुलाई को काशी से की थी। अब तक तीन चरणों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी यात्रा

समरसता संकल्प यात्रा पंजाब के जालंधर से शुरू होकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान रथों और वाहनों के माध्यम से संत रविदास के विचारों और संदेशों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

100 से अधिक छोटी सभाएं होंगी आयोजित

लाल सिंह आर्य ने बताया कि यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी सभाओं और 17 बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी और सांसद भी शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा के अनुसार, गुरु रविदास की शिक्षाएं समाज में भेदभाव समाप्त करने और समानता स्थापित करने की प्रेरणा देती हैं। पार्टी इस यात्रा के जरिए उनके विचारों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करना चाहती है।

तीन दिसंबर को काशी पहुंचने के साथ यात्रा का चौथा चरण संपन्न होगा।

Popular Articles