Top 5 This Week

Related Posts

कोविड काल में सेवा के लिए फ्रांस ने डॉ. देवी शेट्टी को किया सम्मानित, मिला नाइट ऑफ नेशनल ऑर्डर ऑफ मेरिट

बेंगलुरु। भारत के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ और नारायण हेल्थ के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. देवी शेट्टी को फ्रांस सरकार ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा है। उन्हें कोरोना महामारी के दौरान बेंगलुरु में रह रहे फ्रांसीसी नागरिकों की मदद करने के लिए ‘शेवेलियर डे लॉर्ड्रे नेशनल डु मेरिट’ (नाइट ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ मेरिट) से सम्मानित किया गया।

बेंगलुरु स्थित फ्रांस के महावाणिज्य दूतावास में गुरुवार को आयोजित समारोह में फ्रांस के महावाणिज्य दूत मार्क लैमी ने डॉ. शेट्टी को यह सम्मान प्रदान किया। नारायण हेल्थ की ओर से जारी बयान के अनुसार, महामारी के दौरान डॉ. शेट्टी और उनकी टीम ने फ्रांसीसी समुदाय को चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

टीकाकरण और जरूरी सुविधाओं में की थी मदद

कोरोना महामारी के दौरान जब पूरी दुनिया संकट से जूझ रही थी, तब डॉ. देवी शेट्टी और नारायण हेल्थ ने फ्रांस के महावाणिज्य दूतावास तथा बेंगलुरु में रह रहे फ्रांसीसी नागरिकों की सहायता के लिए अपने अस्पतालों के दरवाजे खोल दिए थे। उनकी टीम ने फ्रांसीसी समुदाय के लिए टीकाकरण की व्यवस्था करने के साथ-साथ जरूरी लॉजिस्टिक सहायता भी उपलब्ध कराई थी।

फ्रांस के महावाणिज्य दूत मार्क लैमी ने कहा कि डॉ. शेट्टी का सहयोग और उदारता भारत-फ्रांस की मजबूत मित्रता तथा एकजुटता की भावना को दर्शाता है।

फ्रांस का दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रीय सम्मान

नेशनल ऑर्डर ऑफ मेरिट की स्थापना फ्रांस के राष्ट्रपति चार्ल्स डी गॉल ने 3 दिसंबर 1963 को की थी। यह फ्रांस का दूसरा सबसे बड़ा राष्ट्रीय सम्मान है। इससे ऊपर केवल ‘लीजन ऑफ ऑनर’ है। यह सम्मान नागरिक और सैन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले फ्रांसीसी और विदेशी नागरिकों को प्रदान किया जाता है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. देवी शेट्टी ने फ्रांस सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान फ्रांसीसी समुदाय की सहायता करना उनके लिए खुशी की बात थी। उन्होंने इस कार्य में सहयोग देने वाली नारायण हेल्थ की पूरी टीम को भी धन्यवाद दिया।

इस सम्मान को भारत और फ्रांस के बीच मजबूत संबंधों तथा वैश्विक संकट के समय मानवीय सहयोग की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

Popular Articles