प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कतर के पूर्व अमीर और ‘फादर अमीर’ शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शेख हमद को दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कतर ने विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुआ। प्रधानमंत्री ने उन्हें भारत का सच्चा मित्र बताते हुए कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात का अवसर मिला था, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे। प्रधानमंत्री ने कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में कतर ने ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, शिक्षा और वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। उन्हें आधुनिक कतर के निर्माण और देश की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत करने का श्रेय दिया जाता है।
भारत सरकार ने भी शेख हमद के सम्मान में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और किसी भी प्रकार का सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। सरकार ने इसे भारत और कतर के बीच घनिष्ठ संबंधों तथा शेख हमद के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया है।
भारत और कतर के बीच पिछले वर्षों में रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सहयोग लगातार मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि शेख हमद की विरासत दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाने में प्रेरणा देती रहेगी और उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।





