Top 5 This Week

Related Posts

उफनती बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, एसडीआरएफ ने दो लोगों को बचाया

ऋषिकेश। सोमवार रात करीब नौ बजे बीन नदी में तेज बहाव के बीच एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में सवार दो लोग नदी के तेज बहाव में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

नदी में पानी का बहाव तेज होने के साथ ही अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य काफी मुश्किल था। एसडीआरएफ जवानों ने जोखिम उठाते हुए उफनती नदी में प्रवेश किया। अभियान के दौरान एक व्यक्ति वाहन के पास दिखाई दिया, जिसे टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। घायल होने के कारण उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

इसके बाद जवानों ने दूसरे व्यक्ति की तलाश शुरू की। वह मैक्स वाहन के अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था। तेज धार और अंधेरे के बीच एसडीआरएफ कर्मियों ने वाहन तक पहुंच बनाई और काफी मशक्कत के बाद उसे भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

करीब दो घंटे चले इस चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ की तत्परता और साहस से दोनों लोगों की जान बच गई। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और बरसाती गदेरों में जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में प्रशासन और बचाव दल ने लोगों से नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

Popular Articles