Top 5 This Week

Related Posts

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज एलबीएस अकादमी में

आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के फेज-II के समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

मसूरी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बृहस्पतिवार को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) पहुंचेंगे। वह यहां आईएएस प्रोफेशनल कोर्स (2024 बैच) के फेज-II के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और अकादमी प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह देहरादून स्थित लोक भवन से रवाना होकर करीब 11 बजे एलबीएसएनएए के कालिंदी अतिथि गृह पहुंचेंगे। अकादमी में स्वागत और परिचय कार्यक्रम के बाद वह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

इसके बाद उपराष्ट्रपति संपूर्णानंद सभागार पहुंचेंगे, जहां सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के फेज-II के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए उनका संबोधन भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

समारोह के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब डेढ़ बजे सड़क मार्ग से मसूरी से देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को देखते हुए मसूरी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अकादमी परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ प्रशासन ने प्रवेश और आवाजाही को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए हैं।

उपजिलाधिकारी राहुल आनंद के अनुसार उपराष्ट्रपति के दौरे से संबंधित प्रशासनिक स्तर की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अकादमी परिसर और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Popular Articles