Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में 12 नवंबर से मतदाता सूची का पुनरीक्षण, 16 नवंबर से घर बैठे कर सकेंगे जनगणना

देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर महीने से चुनावी तैयारियों और जनगणना की प्रक्रिया में तेजी आएगी। प्रदेश में 12 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू होगा। वहीं, 16 नवंबर से नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन अपनी और परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी।

12 नवंबर को जारी होगी मतदाता सूची की ड्राफ्ट कॉपी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार, 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है या विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान नाम कट गया है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकेंगे। मतदाता सूची में नाम, पता या विधानसभा क्षेत्र से संबंधित त्रुटियों को भी ठीक कराया जा सकेगा।

दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर निर्धारित की गई है। एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई या एक अक्टूबर 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।

16 से 30 नवंबर तक डिजिटल स्व-गणना

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक, 16 से 30 नवंबर तक नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना खुद कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे।

यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इसमें मोबाइल एप और डिजिटल उपकरणों के माध्यम से आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। इस बार प्रश्नावली में सवालों की संख्या 33 से बढ़ाकर 40 कर दी गई है।

जनगणना निदेशक ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में जनगणना का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही चलेगा। इसमें न तो कोई बदलाव किया गया है और न ही इसे स्थगित किया गया है।

Popular Articles