Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, नैनीताल-बागेश्वर और देहरादून में ऑरेंज अलर्ट

देहरादून, 2 सितंबर। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच बुधवार को भी मौसम के तेवर तल्ख बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार इन तीन जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

नदियों का बढ़ रहा जलस्तर

लगातार बारिश से प्रदेश की नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। कई पहाड़ी इलाकों में मलबा आने से यातायात प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन की ओर से लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

देहरादून में हाल की भारी बारिश से कई ग्रामीण मोटर मार्ग बाधित हुए हैं और जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी है। टपकेश्वर क्षेत्र में तमसा नदी का जलस्तर भी अचानक बढ़ चुका है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

तीन जिलों में स्कूल बंद

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

 

Popular Articles