देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश के नौ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, टिहरी, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर से खतरा
लगातार बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में नदी, नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है। तेज बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा भी बना रह सकता है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम खराब होने की स्थिति में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करना जोखिम भरा हो सकता है। विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। यात्रियों को मौसम और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में हाल के दिनों में भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने, जलभराव और सड़क बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में आगामी बारिश को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में विशेष सावधानी जरूरी है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और तेज बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।





