Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में बारिश से आफत: मसूरी-देहरादून मार्ग पर भू-धंसाव, थराली-देवाल रोड पर चट्टान खिसकी; 50 से अधिक वाहन फंसे

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार सुबह कई सड़कों पर भूस्खलन और चट्टान खिसकने से यातायात प्रभावित हो गया। मसूरीदेहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास भूधंसाव होने से सड़क यातायात के लिए बंद हो गई। वहीं, चमोली जिले में थरालीदेवाल मार्ग पर कोठीनंदकेशरी के बीच चट्टान खिसकने से आवाजाही बाधित हुई और 50 से अधिक वाहन फंस गए।

मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह करीब पांच बजे भू-धंसाव हुआ। इसके कारण सड़क पर मलबा आने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई और लंबी कतारें लग गईं। लोक निर्माण विभाग ने सूचना मिलते ही मौके पर जेसीबी भेजी और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सड़क पर रोड कटिंग और हिल साइड कटिंग का काम भी चल रहा है।

बारिश के बीच मार्ग बंद होने से मसूरी और देहरादून के बीच आने-जाने वाले स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग की टीम मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने में जुटी है।

चमोली जिले में स्टेट हाईवे थराली-देवाल रोड पर कोठी-नंदकेशरी के बीच चट्टान खिसकने से सड़क बंद हो गई। मार्ग के दोनों ओर उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सहित 50 से अधिक वाहन फंस गए। यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चट्टान और मलबा हटाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है।

मसूरी क्षेत्र में पानीवाला बैंड के अलावा अन्य स्थानों पर भी मलबा और बोल्डर सड़क पर आने की सूचनाएं सामने आई हैं। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग संवेदनशील मार्गों पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की गई है।

 

Popular Articles