Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में बनेगा नीम करौली बाबा सर्किट, यूपी के प्रमुख स्थलों को भी जोड़ा जाएगा

देहरादून। उत्तराखंड सरकार बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों को एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस सर्किट में उत्तर प्रदेश के वे स्थान भी शामिल किए जाएंगे, जिनका संबंध बाबा नीम करौली महाराज से रहा है।

सरकार की योजना में कैंची धाम को सर्किट का मुख्य केंद्र बनाया जाएगा। इसके साथ ही काकड़ीघाट, नैनीताल का हनुमान मंदिर, ऋषिकेश का हनुमान मंदिर और वे सभी स्थान शामिल किए जाएंगे, जहां बाबा नीम करौली महाराज ने प्रवास किया या साधना की थी। पर्यटन विभाग के अधिकारियों को ऐसे स्थलों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।

यूपी के स्थलों को भी मिलेगा स्थान

सतपाल महाराज ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में बाबा नीम करौली महाराज की समाधि है। इसके अलावा प्रदेश में कई अन्य स्थान भी बाबा से जुड़े हुए हैं। इन्हें भी प्रस्तावित सर्किट में शामिल करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से सहयोग मांगा गया है। इस संबंध में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह करने के साथ ही पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को पत्र भेजा गया है।

सरकार का मानना है कि सर्किट के विकसित होने से बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को एक साथ जोड़कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अन्य संतों पर फिल्म बनाने की अपील

सतपाल महाराज ने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज के साथ-साथ महावतार बाबा, हेड़ाखान बाबा, टाट बाबा और लहरी महाशय जैसे संतों के जीवन और आध्यात्मिक योगदान पर भी फिल्में बनाई जानी चाहिए। वह इस संबंध में बॉलीवुड के निर्माता-निर्देशकों से आग्रह करेंगे, ताकि इन संतों के बारे में देश-दुनिया के लोगों को अधिक जानकारी मिल सके।

 

Popular Articles