देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। रविवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब के आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। बारिश और हिमपात के चलते प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी कुछ पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
चारधाम की ऊंची चोटियों पर हिमपात
रविवार दोपहर बाद मौसम में बदलाव के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के साथ हेमकुंड साहिब के आसपास की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बारिश के कारण ठंड बढ़ गई। मौसम खराब होने से यात्रियों की संख्या पर असर पड़ा है, हालांकि चारधाम यात्रा सुचारु रूप से जारी है।
सात जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। देहरादून समेत कुछ जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
देहरादून में सामान्य से दो डिग्री गिरा पारा
बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री, मुक्तेश्वर में 19 डिग्री और नई टिहरी में 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरिद्वार और आसपास भी हुई बारिश
रविवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक देहरादून में 6.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लक्सर में 26.5 मिलीमीटर, खानपुर में 25 मिलीमीटर, यमकेश्वर में 16.5 मिलीमीटर और हरिद्वार में 15 मिलीमीटर वर्षा हुई। धनोल्टी में 14.5 और लैंसडौन में 13.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम में आए बदलाव से पर्वतीय क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है। लोगों को आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंड से बचाव की तैयारी रखने की जरूरत है।





