Top 5 This Week

Related Posts

उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, दून-हरिद्वार में व्रतियों ने पूरा किया 36 घंटे का निर्जला उपवास

देहरादून/हरिद्वार। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार सुबह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। देहरादून और हरिद्वार में तड़के से ही विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु तथा खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे से चल रहे कठिन निर्जला व्रत का पारण किया गया।

देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल रहा। व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरे लेकर घाटों पर पहुंचीं। सूर्योदय के साथ ही जल और दूध से भगवान भास्कर को अर्घ्य देने का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से घाट गूंज उठे।

गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

हरिद्वार में भी गंगा घाटों और अन्य जलाशयों पर छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद श्रद्धालु सोमवार सुबह की पूजा की तैयारियों में जुट गए थे।

प्रसाद वितरण के साथ व्रत का पारण

अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने छठी मैया की पूजा की और परिवार की मंगलकामना की। इसके बाद ठेकुआ, फल और अन्य पारंपरिक प्रसाद वितरित किया गया। व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया।

छठ पर्व को देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन सूर्योपासना, लोक परंपरा और सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।

Popular Articles