Top 5 This Week

Related Posts

ईरान युद्ध को बताया रिपब्लिकन की हार की वजह, जेडी वेंस के बयान का ट्रंप जूनियर ने किया समर्थन; ट्रंप भी माने असर

वाशिंगटन। अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मिली करारी हार के बाद पार्टी के भीतर ही सवाल उठने लगे हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने चुनावी हार के लिए ईरान युद्ध को प्रमुख वजह बताया है। खास बात यह है कि राष्ट्रपति ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने भी वेंस के बयान का खुलकर समर्थन किया है। इससे ट्रंप खेमे के भीतर ईरान युद्ध को लेकर मतभेद सामने आने लगे हैं।

वेंस बोले- युद्ध की वजह से हारे चुनाव

जेडी वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट में कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की हार का असली कारण ईरान युद्ध है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने भी चुनाव परिणामों के बाद इस बात को स्वीकार किया था।

वेंस के मुताबिक, 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप और उनके साथ खड़े कई मतदाताओं ने इस बार डेमोक्रेटिक पार्टी को वोट दिया। इसकी प्रमुख वजह ईरान युद्ध, बढ़ती महंगाई और विदेश नीति को लेकर लोगों की नाराजगी रही।

उन्होंने कहा कि यदि कोई यह मानता है कि अगले छह वर्षों तक सीनेट का नियंत्रण गंवाना युद्ध की उचित कीमत थी, तो उसे खुलकर यह तर्क देना चाहिए। लेकिन चुनावी हार की वास्तविक वजह पर ईमानदार चर्चा जरूरी है।

ट्रंप जूनियर ने किया समर्थन

वेंस की पोस्ट के करीब एक घंटे बाद डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने उसे रीपोस्ट किया। उन्होंने लिखा, ‘इसकी हर एक बात बिल्कुल सही है।’ इसके साथ उन्होंने 100 प्रतिशत वाले तीन इमोजी भी लगाए। ट्रंप जूनियर की इस प्रतिक्रिया को ईरान युद्ध के मुद्दे पर प्रशासन के भीतर असहमति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

ट्रंप बोले- दोबारा मौका मिला तो फिर करेंगे युद्ध

दूसरी ओर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी माना कि ईरान युद्ध ने चुनावी नतीजों को प्रभावित किया। हालांकि, उन्होंने सैन्य कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि अगर उन्हें दोबारा ऐसा फैसला लेने का मौका मिले, तो वह फिर यही करेंगे। उनके अनुसार, ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना जरूरी है।

रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद अब पार्टी में भविष्य की रणनीति और नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वेंस के बयान से 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में उनकी संभावित दावेदारी को लेकर भी राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई हैं।

Popular Articles