वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के पिकैक्स माउंटेन पर जल्द सैन्य कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका इस स्थान को “बहुत जल्द” निशाना बना सकता है। पिकैक्स माउंटेन ईरान के प्रमुख परमाणु केंद्र नतांज के पास स्थित एक बेहद मजबूत और भूमिगत परिसर है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पिकैक्स माउंटेन पर गतिविधियों पर नजर रख रहा है और वहां मौजूद लोगों तथा गतिविधियों की जानकारी उसके पास है। उन्होंने हमले की कोई निश्चित तारीख बताने से इनकार किया, लेकिन संकेत दिया कि कार्रवाई में ज्यादा समय नहीं लग सकता।
पिकैक्स माउंटेन नतांज परमाणु परिसर के बेहद करीब स्थित है। यहां पहाड़ के भीतर गहरे भूमिगत सुरंगों के दो परिसर बनाए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थान जमीन के काफी नीचे होने के कारण सामान्य हवाई हमलों से सुरक्षित रहने के लिए तैयार किया गया है। उपलब्ध सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर परिसर में निर्माण और सुरक्षा संबंधी गतिविधियां जारी रहने की जानकारी सामने आई है।
ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कहा कि अमेरिका का मुख्य उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के कारण ईरान की परमाणु क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के साथ जारी सैन्य टकराव को लेकर कोई निश्चित समयसीमा बताने से इनकार किया। उन्होंने इसे पूर्ण युद्ध के बजाय ‘सैन्य संघर्ष’ बताया और कहा कि अमेरिका की ओर से हमले रुक-रुककर किए जा रहे हैं। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमताओं और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों को काफी कमजोर किया है।
पिकैक्स माउंटेन पर संभावित अमेरिकी हमला ईरान के परमाणु ढांचे को लेकर तनाव को और बढ़ा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, पहाड़ के भीतर गहराई में बने इस परिसर पर कार्रवाई सैन्य रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकती है।





