बदरीनाथ (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो जाएगा। कपाट बंद होने से पहले श्रद्धालुओं को भगवान बदरीविशाल के विशेष पुष्प श्रृंगार के दर्शन होंगे। मंदिर में कपाट बंद करने की पारंपरिक धार्मिक प्रक्रियाएं अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
कपाट बंद होने के अवसर पर सोमवार को भगवान नारायण का स्वर्ण श्रृंगार करने के बजाय फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। दिनभर पूजा-अर्चना और दर्शन के बाद शाम को विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। रात साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
पंच पूजाओं के साथ शुरू हुई थी प्रक्रिया
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद करने की परंपरा के तहत 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू हुई थीं। पहले दिन भगवान गणेश के मंदिर के कपाट बंद किए गए। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद हुए। 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद कर दिया गया।
15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित कर भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का निमंत्रण दिया गया।
माता लक्ष्मी गर्भगृह में होंगी विराजमान
मंदिर के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल के अनुसार, सोमवार रात मुख्य पुजारी (रावल) अमरनाथ नंबूदरी विशेष पूजा-अर्चना के बाद सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान करेंगे। इसके बाद भगवान कुबेर और उद्धव जी को गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा। सभी धार्मिक परंपराएं पूरी होने के बाद रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार, इस यात्रा वर्ष में अब तक 23 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। 17 नवंबर को भगवान बदरीविशाल की उत्सव डोली सहित भगवान उद्धव, कुबेर और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी।





