Top 5 This Week

Related Posts

आईआईटी रुड़की के दीक्षांत समारोह में 1424 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के दो दिवसीय दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन 1424 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें स्नातकोत्तर और पीएचडी के विद्यार्थी शामिल रहे। दो दिनों में संस्थान के कुल 2701 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं।

समारोह के दूसरे दिन हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. केके पंत, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक भी उपस्थित रहे।

इससे पहले शनिवार को दीक्षांत समारोह के पहले दिन स्नातक के 1277 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई थीं। पहले दिन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल मुख्य अतिथि और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

दीक्षांत समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और अन्य सम्मान भी प्रदान किए गए। एनएसए अजीत डोभाल ने पहले दिन विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपनी क्षमता और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्रहित में करने का संदेश दिया था। उन्होंने युवाओं से बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को तैयार रखने और नवाचार के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

आईआईटी रुड़की का यह दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में आयोजित किया गया। दो दिनों तक चले कार्यक्रम में शिक्षा, तकनीकी नवाचार, शोध और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया गया।

Popular Articles