Thursday, January 22, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अवैध रूप से ले जाया जा रहा था 125 किलो डायनामाइट, चौकीदार से खरीदा, मालिक ने जांच के डर से बदली कहानी

देहरादून, ब्यूरो। टिहरी के त्यूणी क्षेत्र में पुलिस ने 125 किलोग्राम डायनामाइट के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो इसे हिमाचल प्रदेश ले जा रहे थे। जांच में खुलासा हुआ कि यह विस्फोटक एक प्राइवेट गोदाम (मैगजीन) के चौकीदार से 29 हजार रुपये में खरीदा गया था, जबकि इसकी कोई वैध परमिशन या दस्तावेज मौजूद नहीं थे।

एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, कालसी क्षेत्र में स्थित एक अधिकृत निजी मैगजीन से यह डायनामाइट लिया गया था। पकड़े जाने के बाद गोदाम के मालिक ने कहानी बदलते हुए बैक डेट में दस्तावेज तैयार कर दिए और यह दिखाने की कोशिश की कि डायनामाइट को वैध रूप से भेजा जा रहा था, लेकिन वैन खराब हो जाने के कारण उसे कार में ट्रांसपोर्ट किया गया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि यह सब एक सोची-समझी योजना के तहत किया गया। आरोपी चौकीदार सीताराम पूछताछ से पहले ही फरार हो गया। गोदाम मालिक को भी जांच के घेरे में लिया गया है, और उसके खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिमाचल में बना रहे थे निजी सड़क
अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि हिमाचल प्रदेश में कुछ लोग खुद ही सड़क बना रहे हैं, जिसके लिए डायनामाइट की जरूरत थी। सरकारी मंजूरी न होने के कारण, उन्होंने इसे अवैध रूप से प्राप्त किया।

डायनामाइट का गलत इस्तेमाल बना सकता है खतरा
डायनामाइट का मुख्य उपयोग खदानों और सड़क कटिंग में होता है, लेकिन कई बार इसका अवैध तरीके से मछली पकड़ने जैसे कार्यों में भी उपयोग किया जाता है। ऐसे विस्फोट पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हैं और भूस्खलन जैसी घटनाओं का कारण बन सकते हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पकड़े गए आरोपी इस डायनामाइट की सप्लाई किन लोगों को देने वाले थे और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

Popular Articles