Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा, ट्रंप के मार-ए-लागो आवास से सात मील दूर निजी जेट क्रैश; नौ लोगों की मौत

वॉशिंगटन। अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान हादसा हो गया। पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में एक निजी जेट दुर्घटनाग्रस्त होकर रिहायशी क्षेत्र में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। दुर्घटनास्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो आवास से करीब सात मील (11 किलोमीटर) दूर बताया जा रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ विमान लियरजेट-60 था। यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर बहामास के नॉर्थ एल्युथेरा एयरपोर्ट जा रहा था। स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान तेजी से नीचे आया और सड़क के पास जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ। टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और घटनास्थल पर मलबा फैल गया। हादसे से सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। आसपास के इलाके में धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं।

600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराया। पाम बीच काउंटी के अधिकारियों के मुताबिक, करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों और दो अस्थायी राहत केंद्रों में पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी में जमीन पर मौजूद किसी व्यक्ति की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।

मौसम खराब होने की आशंका

हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र की रिकॉर्डिंग के अनुसार, दुर्घटना से कुछ समय पहले पायलट ने विमान पर बर्फ जमने और मध्यम स्तर के वायु झटकों की जानकारी दी थी। इसके बाद पायलट ने आपातकालीन संदेश जारी किया। विमान तेजी से नीचे गिर रहा था। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने घटना को दुखद त्रासदी बताया है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Popular Articles