चमोली। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र हेमकुंड साहिब में मौसम खराब होने के बाद लगातार बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कारण हेमकुंड साहिब धाम में तापमान गिर गया है और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सितंबर के अंतिम दिनों में बदले मौसम ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हुआ है। 26 से 28 सितंबर के बीच प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। 26 और 27 सितंबर को कई पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
26 सितंबर को बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
27 सितंबर को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
हेमकुंड साहिब के अलावा बदरीनाथ धाम और आसपास की ऊंची चोटियों पर भी मौसम में बदलाव का असर दिखाई दे रहा है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश, बर्फबारी और कम दृश्यता के कारण पहाड़ी मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है।





