देहरादून। उत्तराखंड से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम की धार्मिक यात्रा के लिए विशेष ‘आस्था ट्रेन’ 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। इस विशेष ट्रेन में 720 श्रद्धालु सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत यात्रा करेंगे। ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री की ओर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की तैयारी है।
उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग ने यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। संस्कृति निदेशालय ने मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर ट्रेन संचालन और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। यात्रा के लिए आईआरसीटीसी के अनुरोध पर विभाग की ओर से अग्रिम सुरक्षा राशि भी जमा कराई गई है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। ट्रेन में यात्रियों को सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, पीने का पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ और पैक्ड नारियल पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ और अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।
रेलवे प्रशासन को भेजे गए पत्र में हरिद्वार स्टेशन पर निर्धारित ठहराव की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। साथ ही हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन कार्यक्रम के लिए मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत और ट्रेन की विशेष सजावट की जिम्मेदारी तय की गई है।
संस्कृति विभाग का उद्देश्य इस धार्मिक यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक सोमनाथ धाम के दर्शन कराना है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत आयोजित यह यात्रा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
आस्था ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड के श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और संगठित तरीके से सोमनाथ यात्रा का अवसर मिलेगा। प्रशासन ने यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।





