Top 5 This Week

Related Posts

हरेला की सुबह मातम में बदली: तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने पूर्व सैनिक को कुचला, मौके पर मौत

हल्द्वानी। हरेला पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

हल्दूचौड़ क्षेत्र के पेशकारपुर निवासी हरीश चंदोला (77) पुत्र भोला दत्त रोज की तरह दूध लेकर अपने घर लौट रहे थे। सांवरिया बैंक्वेट हॉल के सामने हाईवे पार करते समय हल्द्वानी की ओर से तेज गति से आ रहे दूध के कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कैंटर उन्हें करीब 10 से 15 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बताया गया कि हरीश चंदोला पूर्व सैनिक थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार पहले ही एक बड़ी त्रासदी झेल चुका है। करीब चार वर्ष पूर्व उनकी एक बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। अब परिवार के मुखिया के निधन से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दूध के कैंटर को भी कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है।

Popular Articles