Top 5 This Week

Related Posts

सेशेल्स में फिर तैनात होंगे भारत के चार सैन्य सलाहकार, रक्षा सहयोग होगा मजबूत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया सेशेल्स यात्रा के बाद भारत ने हिंद महासागर क्षेत्र में सामरिक सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत भारत सेशेल्स में चार सैन्य सलाहकारों की दोबारा नियुक्ति करेगा। इन सलाहकारों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा और सैन्य क्षमता निर्माण को नई गति देना होगा।

सूत्रों के अनुसार, सैन्य सलाहकार सेशेल्स के रक्षा एवं सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर परिचालन समन्वय, सैन्य प्रशिक्षण, रक्षा योजना और संस्थागत क्षमता विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग करेंगे। इससे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंध और अधिक मजबूत होंगे तथा हिंद महासागर क्षेत्र में साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी।

यह निर्णय ऐसे समय लिया गया है जब भारत हिंद-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में अपनी समुद्री सुरक्षा रणनीति को लगातार विस्तार दे रहा है। सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार माना जाता है और दोनों देश समुद्री निगरानी, तटरक्षक सहयोग, संयुक्त प्रशिक्षण तथा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों में पहले से मिलकर कार्य करते रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स यात्रा के दौरान दोनों देशों ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा और विकास सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई थी। इसी क्रम में सैन्य सलाहकारों की पुनर्नियुक्ति को दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों में नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम से हिंद महासागर क्षेत्र में स्थिरता, सुरक्षा और आपसी विश्वास को और मजबूती मिलेगी।

Popular Articles