Top 5 This Week

Related Posts

सेन्ट लारेन्स में ‘एस्ट्रो पाठशाला लैब’ का शुभारंभ, विज्ञान, नवाचार और अंतरिक्ष अनुसंधान की नई उड़ान की ओर बढ़ा सशक्त कदम

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तार्किक चिंतन एवं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से सेन्ट लॉरेन्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अत्याधुनिक ‘एस्ट्रो पाठशाला लैब’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को गरिमामय एवं प्रेरणादायी बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मोहित कुमार जोशी, केंद्रीय जन सूचना अधिकारी एवं रजिस्ट्रार, आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान अनुसंधान संस्थान (ARIES), नैनीताल ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर लैब का उद्घाटन किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि जिज्ञासा ही वैज्ञानिक सोच की आधारशिला है। यदि विद्यार्थी प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और असफलताओं से सीखने का साहस रखें, तो वे विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकते हैं।

एस्ट्रो पाठशाला के संस्थापक श्री शुभम तथा अकादमिक प्रमुख श्री शांतनु कुमार पात्रो ने एस्ट्रो पाठशाला की अवधारणा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह प्रयोगशाला विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, खगोल विज्ञान, रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं नवाचार की भावना को सुदृढ़ करेगी।

इस अवसर पर विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र अजय मेहरा, जिन्होंने हाल ही में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई में अपने वैज्ञानिक जीवन की शुरुआत की है, ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का आधार अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सीखने की अटूट लगन है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा विद्यालय से प्राप्त मूल्यों को जीवनभर अपनी सबसे बड़ी शक्ति बनाए रखने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ऐसे जिज्ञासु, संवेदनशील एवं नवाचारी नागरिक तैयार करना है जो भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एस्ट्रो पाठशाला लैब विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी तथा उन्हें वैश्विक स्तर पर विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान, रोबोटिक्स एवं नवाचार आधारित परियोजनियों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री अनिल जोशी, डायरेक्टर श्री सुनील जोशी, प्रधानाचार्या अनीता जोशी, एस्ट्रो पाठशाला की टीम, शिक्षकगण, एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विज्ञान, नवाचार एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नई पीढ़ी को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Popular Articles