Top 5 This Week

Related Posts

सीएम धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र, बोले—अधिकारियों का मूल्यांकन पद से नहीं, कार्य से होगा

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कार्य और जनता के प्रति समर्पण से होती है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने नव-नियुक्त अधिकारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सेवाओं को पहुँचाना है।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि युवाओं का विश्वास मजबूत हो और उन्हें निष्पक्ष अवसर मिलें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अब जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की बड़ी जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य सत्ता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करना है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और सभी अधिकारियों को इसी दिशा में काम करना चाहिए।

Popular Articles