Top 5 This Week

Related Posts

लखनऊ से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों का वाहन खाई में गिरा, चालक समेत दो गंभीर घायल

नैनीताल। लखनऊ से सरोवर नगरी नैनीताल घूमने आए पर्यटकों का वाहन ज्योलीकोट के समीप खाई में गिर गया। हादसे में चालक व एक पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया गया कि लखनऊ के गोमतीनगर निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) व निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार की सुबह नैनीताल भ्रमण के बाद सभी हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ उसके वाहन संख्या यूके 04 टीबी 3870 से काठगोदाम के लिए रवाना हुए।

ज्योलीकोट एक नंबर के समीप टैक्सी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया।

इस संबंध में एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह एवं निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य पर्यटकों को मामूली चोटें आई हैं।

Popular Articles