Top 5 This Week

Related Posts

रॉन्ग साइड से आए बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, भीषण टक्कर में बाइक बनी आग का गोला; छात्र की मौत, दूसरा गंभीर

हल्द्वानी। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर गोरापड़ाव क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक नजारा देखने को मिला, जब कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक बेकाबू ट्रक (कैंटर) ने बाइक सवार दो छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक संख्या यूके-04 सीसी-0462 हल्द्वानी की ओर से गलत दिशा में लालकुआं की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान गोरापड़ाव पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही बाइक संख्या यूके-04 टी-1532 से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जोरदार टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और बाइक में अचानक आग लग गई।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए दोनों घायलों को बाहर निकाला। वनभूलपुरा निवासी रऊफ अंसारी ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

घायलों की पहचान लालकुआं वार्ड नंबर 4 निवासी 20 वर्षीय अयान खान पुत्र शमशेर खान तथा सिद्धार्थ सिंह पुत्र वीर सिंह के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों कॉलेज छात्र थे और किसी काम से लालकुआं से हल्द्वानी आ रहे थे। अस्पताल में उपचार के दौरान सिद्धार्थ सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि अयान खान की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया।

कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड से आने की बात सामने आई है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।पुलिस ने सिद्धार्थ के शव पंचनामा भरकर कर पोस्टमार्टम करा कर शव को उसके परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना से छात्रों और मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर लापरवाही और गलत दिशा में वाहन चलाने के गंभीर खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर यातायात नियमों के सख्त पालन और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Popular Articles