चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड में एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन तथा एसडीआरएफ की टीम तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में दिल्ली निवासी श्रद्धालु सवार थे, जो केदारनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जवाड़ी बाईपास पर तीखे मोड़ के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे नीचे मंदाकिनी नदी की ओर गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। राहत दल रस्सियों की मदद से खाई में उतरे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हादसे में एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच पहाड़ी मार्गों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। प्रशासन लगातार यात्रियों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, मौसम की जानकारी लेने और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दे रहा है।





