नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की एक रिक्त राज्यसभा सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। तीनों राज्यों की इन 12 सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर 2026 को होगा।
आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
उत्तर प्रदेश की जिन 10 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरज शेखर, बृजलाल, प्रो. राम गोपाल यादव, रामजी, बीएल वर्मा, सीमा, डॉ. दिनेश शर्मा और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की सीटें शामिल हैं। इनमें डॉ. दिनेश शर्मा की सीट उनके इस्तीफे के बाद 11 सितंबर से रिक्त है। बाकी सीटों के सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होना है।
उत्तराखंड से नरेश बंसल की राज्यसभा सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होगा। वहीं पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। यह सीट रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है।
राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों की विधानसभा के निर्वाचित सदस्य मतदान करते हैं। आयोग ने मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन के इस्तेमाल का निर्देश दिया है। किसी अन्य पेन से वरीयता अंकित करने की अनुमति नहीं होगी।




