देहरादून। खराब मौसम के कारण दो दिनों से स्थगित चारधाम यात्रा सोमवार को मौसम में सुधार के बाद फिर शुरू कर दी गई। चारधाम यात्रा नियंत्रण संगठन, ऋषिकेश से मिले निर्देशों के बाद जिलाधिकारी ने यात्रा पर लगी रोक हटाने के आदेश दिए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को चारों धामों की ओर जाने की अनुमति दे दी गई।
प्रशासन ने पुलिस और तहसील स्तर के अधिकारियों को यात्रा को सुचारु और निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि कई पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का मौसम अभी बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों और यात्रा नोडल अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।
123 सड़कें बंद, पौड़ी सबसे अधिक प्रभावित
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में अभी भी 123 सड़कें बंद हैं। इनमें 79 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सबसे अधिक प्रभावित पौड़ी जिला है, जहां 27 मार्ग बंद हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा में 20, नैनीताल में 22, चमोली में 14, पिथौरागढ़ में 13, टिहरी में आठ, देहरादून और उत्तरकाशी में छह-छह, रुद्रप्रयाग में चार, बागेश्वर में दो और चंपावत में एक मार्ग बंद है।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन ने यात्रा शुरू करने के बावजूद श्रद्धालुओं से मौसम और सड़क की स्थिति पर नजर रखने की अपील की है। अधिकारियों को यात्रा मार्गों पर निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के चलते यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए शनिवार और रविवार को चारधाम यात्रा रोक दी गई थी। खराब मौसम के दौरान कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़कें बंद होने से आवाजाही प्रभावित हुई थी। अब मौसम में सुधार के बाद यात्रा बहाल होने से धामों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिली है।





