Top 5 This Week

Related Posts

मियामी एयरपोर्ट पर अमेजन का बोइंग 767 क्रैश, पांच लोगों की मौत; हादसे का वीडियो सामने आया

मियामी। अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को अमेजन प्राइम एयर का एक कार्गो विमान रनवे से बाहर निकलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान के रनवे से बाहर निकलने और उसके बाद काले धुएं का गुबार उठते दिखाई दे रहा है।

हादसा स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। बोइंग 767-300 विमान अमेजन प्राइम एयर की फ्लाइट 7598 के रूप में सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से मियामी पहुंचा था। विमान का संचालन कार्गो कंपनी 21 Air कर रही थी। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से आगे निकल गया और कई वाहनों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया।

वीडियो फुटेज में विमान को रनवे के अंतिम हिस्से से बाहर जाते और सड़क पार कर एक खुले क्षेत्र में रुकते देखा गया। दुर्घटना के बाद विमान से घना काला धुआं उठता रहा। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ राहत और बचाव अभियान चलाया।

मियामी-डेड फायर रेस्क्यू के अनुसार, राहत कार्य में 60 से अधिक दमकल और बचाव इकाइयां तथा करीब 200 कर्मचारी लगाए गए। विमान की चपेट में आए कुछ वाहनों में लोग फंस गए थे, जिन्हें विशेष बचाव दल ने बाहर निकाला। दुर्घटनास्थल पर ईंधन का रिसाव भी हुआ, जिसे नियंत्रित करने का काम किया गया।

हादसे के बाद मियामी एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए गए। इससे उड़ानों पर भी असर पड़ा और बड़ी संख्या में उड़ानों में देरी हुई। बाद में दो रनवे को फिर से खोल दिया गया।

अमेरिकी FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। अमेजन ने हादसे पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।

Popular Articles