सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता, नकदी और दस्तावेज बरामद
हल्द्वानी। मिनी पुलिस लाइन परिसर स्थित धोबी शॉप में हुई चोरी की घटना का कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी और वादी के जरूरी दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार उपनल कर्मी नबी बक्स (धोबी) ने तहरीर देकर बताया था कि 22 जुलाई की रात करीब एक से दो बजे के बीच अज्ञात चोर ने दुकान की खिड़की की जाली काटकर अंदर प्रवेश किया। आरोपी दुकान में रखे बैग से ₹10 हजार नकद तथा दीवार पर टंगी पैंट की जेब से
700 रूपये निकालकर फरार हो गया। मामले में कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया
प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन पड़ताल और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर शनिवार को कैंसर अस्पताल के पास से आरोपी दिवाकर (19) निवासी ग्राम रम्पुरा काजियान, थाना नवाबगंज, जिला बरेली (हाल निवासी जवाहरनगर, वनभूलपुरा) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से वादी का आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा 7,600 नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में एक अन्य धारा की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि घटना के खुलासे में हेड कांस्टेबल इसरार नबी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों पुलिसकर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।





