हरिद्वार, 14 सितंबर। रोशनाबाद जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को फोन और व्हाट्सऐप के जरिए धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच में सामने आया है कि धमकी का मामला जेल में बंद एक महिला कैदी से मुलाकात को लेकर शुरू हुआ। पुलिस कॉल और संदेशों की तकनीकी जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डर पैदा करने की कोशिश की गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर और तकनीकी टीम को जांच में लगाया है। कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप संदेश और जेल में हुई मुलाकात से संबंधित जानकारी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमकी के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।





