Top 5 This Week

Related Posts

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में, जल्द होगी घोषणा: अमेरिकी राजदूत

वॉशिंगटन/नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौता अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों देशों के बीच वार्ता लगभग पूरी हो चुकी है और केवल एक से दो प्रतिशत मुद्दों पर सहमति बननी बाकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि समझौते को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।

सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। प्रस्तावित व्यापार समझौते से दोनों देशों के कारोबारियों को अधिक स्पष्टता और स्थिरता मिलेगी, जिससे निवेश और व्यापार को नई गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने के साझा लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

अमेरिकी राजदूत ने भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने व्यापार के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेमीकंडक्टर, रक्षा और रणनीतिक क्षेत्रों में भी दोनों देशों के सहयोग को लगातार विस्तार मिलने की बात कही।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों देशों के अधिकारियों के बीच व्यापार समझौते को लेकर कई दौर की वार्ताएं हो चुकी हैं। हाल के दौर की बातचीत में अधिकांश जटिल मुद्दों पर प्रगति दर्ज की गई है और शेष बचे विषयों पर भी सहमति बनाने के प्रयास जारी हैं। दोनों पक्ष जल्द समझौते को अंतिम रूप देने के प्रति आशावादी हैं।

Popular Articles